Download Our App

Follow us

Home » ताजा खबरें » पहाड़ों पर बारिश और बादल फटने से नदियों में उफान

पहाड़ों पर बारिश और बादल फटने से नदियों में उफान

पंजाब में भारी बारिश से नदियां उफना गई हैं। हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को छोड़े 2.23 लाख क्यूसेक पानी से हिंडन व यमुना का जलस्तर और बढ़ना शुरू होगा।

उत्तर भारत में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में पांच जगह बादल फट गए। इससे कई जगह सड़कें टूट गईं और हाईवे पर मलबेे से यातायात रुक गया है। हरियाणा-पंजाब में भारी बारिश से नदियां उफना गई हैं। हथिनीकुंड बैराज से शनिवार को छोड़े 2.23 लाख क्यूसेक पानी से हिंडन व यमुना का जलस्तर और बढ़ना शुरू होगा। यमुना का जलस्तर 205.75 मीटर दर्ज किया गया है। इससे ग्रेटर नोएडा के कुछ सेक्टराें में पानी भरने और दिल्ली-एनसीआर में बाढ़ का खतरा व नागरिकों की मुश्किलेंं, दोनों बढ़ने लगी हैं।

उत्तराखंड के पुरोला में शुक्रवार देर रात बादल फटने से छाड़ा खड्ड, कमल नदी, माल गाड़ सहित कई गदेरे उफान पर आ गए। घरों में पानी और मलबा घुस गया। लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। नहरें, सड़क और पुल क्षतिग्रस्त हो गए। गाड़ियां व मोटर साइकिलें बह गईं। हिमाचल के शिमला व कुल्लू में बादल फटने से खासी तबाही हुई। शिमला के रोहड़ू में एक ढाबे में मौजूद दादा-दादी और पोते बह गए। जबकि कोटखाई में भूस्खलन की चपेट में आकर दो लोग मारे गए। उधर, लेह और डोडा में भी बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं। हिमाचल में बारिश से पंजाब में रावी, सतलुज, ब्यास व घग्गर का जलस्तर फिर बढ़ गया। हरियाणा के घग्गर में तेज बहाव से सिरसा में मल्लेवाला, चामल व बाजेकां गांव में तटबंध टूट गए।

ये भी पढ़ें- उर्फी जावेद ने ग्रीन बिकिनी के साथ लगाया गजरा

उत्तराखंड…यमुनोत्री हाईवे समेत 299 सड़कें ठप

यमुनोत्री हाईवे समेत 299 सड़कें बंद हैं। केदारनाथ हाईवे पर भी कई जगह मलबा आया है, लेकिन भूस्खलन वाले क्षेत्रों में जेसीबी की मदद से हाईवे खोल दिया गया है। बीते 24 घंटों में 41.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 196 फीसदी अधिक है। रविवार को भी भारी बारिश का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर : चिनाब खतरे के निशान की ओर 

चिनाब का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। डोडा में चिराला तहसील का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। बादल फटने से लद्दाख के लेह में बाढ़ के हालात हैं।

हिमाचल : रेणुका झील में पांच फुट बढ़ा पानी 

प्रदेश में 696 सड़कें बंद हैं। सिरमौर की ऐतिहासिक रेणुका झील का जलस्तर पांच फुट बढ़ गया, जिससे दुकानों व आश्रमों में पानी भर गया। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग वनवे कर दिया गया है। शिमला-किन्नौर और नाहन-शिमला एनएच ठप रहे। गगल व भुंतर हवाईअड्डे में हवाई सेवाएं बंद रहीं।

उफनती नदी में फंसी बस

बिजनौर की कोटावली नदी में सुबह आठ बजे अचानक उफान से यूपी के रुपईडीहा (बहराइच) से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस फंस गई। इससे चालक व परिचालक समेत 43 यात्रियों की जान पर बन आई। बस को क्रेन से किसी तरह नदी में बहने से रोका गया और करीब तीन घंटे तक चले अभियान में जेसीबी से सवारियों को बाहर निकाला गया।

पानी की निकासी के लिए दिल्ली सरकार तैयार

दिल्ली सरकार ने कहा है कि हथिनीकुंड बैराज से पानी दिल्ली पहुंचने पर यमुना खादर में बाढ़ आ सकती है। ऐसे में सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील इलाकों में तत्काल निकासी करने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। राहत शिविरों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने व अफसरों से सहयोग की अपील की है।

7k Network

Leave a Comment

RELATED LATEST NEWS

Latest News