भाजपा सरकार पीडीए, किसान और नौजवान विरोधी : रामआसरे विश्वकर्मा
प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव रामआसरे विश्वकर्मा ने गुरुवार को सगरा सुंदरपुर स्थित शिवराज उत्सव वाटिका मैरिज हाल तथा सदर विधानसभा क्षेत्र के चिलबिला स्थित राधे पैलेस में आयोजित जनसंवाद एवं पीडीए पंचायत को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, अपराध और आरक्षण के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा।
रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर जनता को गुमराह किया। महंगाई और बेरोजगारी के कारण किसान, मजदूर, गरीब और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विश्वकर्मा समाज के हित में पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार द्वारा किए गए कई कार्यों को समाप्त कर दिया गया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे लाखों नौजवानों के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं।
पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर आरक्षण को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और अति पिछड़े वर्ग को उनका अधिकार दिलाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और पीडीए वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व जिलाध्यक्ष भईयाराम पटेल, मनीष पाल, रोहित विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान संजय विश्वकर्मा, सुभाष विश्वकर्मा, शिव विजय विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, बनवारी लाल विश्वकर्मा, राकेश विश्वकर्मा, रमेश विश्वकर्मा और सतीश विश्वकर्मा समेत कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।










