कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ, पहले दिन उमड़ा दो लाख श्रद्धालुओं का जनसैलाब
राजा भैया के संयोजन में आयोजित कथा में पहुंचे कई दिग्गज नेता, संत और विशिष्ट हस्तियां; सनातन धर्म का संदेश दिया
राम भुवाल पाल
प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के संयोजन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन ही श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजकों के अनुसार, पहले दिन करीब दो लाख श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। विशाल कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, उत्साह एवं धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।
दिग्गज नेताओं, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट हस्तियों का जमावड़ा
श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर देश और प्रदेश की राजनीति, सामाजिक तथा धार्मिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने कुंडा पहुंचकर कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश सिंह, सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान एवं विधायक मनोज पांडेय समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
इसके अलावा गौरीगंज विधायक राकेश सिंह, गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, एमएलसी शैलेंद्र सिंह, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी तथा पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह भी आयोजन में मौजूद रहे। धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र से पतंजलि योगपीठ के प्रमुख बाबा रामदेव और प्रखर हिंदू चिंतक अश्विनी उपाध्याय ने भी कथा में सहभागिता की।
राजा भैया ने मंच पर किया अतिथियों का स्वागत
आयोजन के संयोजक विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने मंच पर पहुंचकर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। अतिथियों की मौजूदगी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
महाकुंभ जैसा नजर आया कथा स्थल
पहले दिन करीब दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने से कथा स्थल का नजारा बेहद भव्य हो गया। विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं की लंबी कतारें और चारों ओर धार्मिक वातावरण के बीच पूरा परिसर महाकुंभ जैसा दिखाई दे रहा था। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे।
व्यास पीठ से दिया सनातन धर्म का संदेश
कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह पहली बार पाकिस्तानी हिंदुओं को भी कथा सुना रहे हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को सनातन धर्म के आराध्य बताते हुए कहा कि दोनों के प्रति श्रद्धा और भक्ति हमारी धार्मिक परंपरा का आधार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कुंडा की धरती पर किसी राजनीतिक दल का प्रचार करने नहीं, बल्कि सनातन धर्म का संदेश देने और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने आए हैं।
श्रीराम कथा के पहले दिन उमड़ी भारी भीड़ और देश-प्रदेश की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी से आयोजन की शुरुआत यादगार बन गई। आगामी दिनों में भी कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।








