कांग्रेस के गढ़ में अखिलेश की सेंध, रायबरेली से PDA रथ पर सवार हुए सपा प्रमुख
पत्रकार राम भुवाल पाल
रायबरेली, बृहस्पतिवार 24 सितंबर।2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस के सबसे मजबूत किले रायबरेली से बड़ा दांव चल दिया है। समाजवादी पार्टी की चर्चित ‘PDA रथ यात्रा’ का आज रायबरेली की धरती से आगाज हुआ।
बृहस्पतिवार सुबह अखिलेश यादव लखनऊ स्थित आवास से सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए निकले। मोहनलालगंज टोल पर हजारों सपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद काफिला बछरावां के चुरुवा टोल प्लाजा पहुंचा, जहाँ अखिलेश यादव अपनी लाल रंग की विशेष PDA रथ बस पर सवार हुए। बस पर सवार होकर उन्होंने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया, जिसके बाद पूरा हाईवे ‘जय अखिलेश’ के नारों से गूंज उठा।
सैकड़ों गाड़ियों का काफिला, जगह-जगह स्वागत
यात्रा के दौरान रथ के साथ सैकड़ों चार पहिया वाहनों और बाइकों का लंबा काफिला चल रहा था। बछरावां, हरचंदपुर और ऊंचाहार तक हर चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ किस कदर उमड़ी है
सपा ने इस यात्रा के लिए नया नारा दिया है – “जो पीड़ित है, वही PDA है”। पार्टी का कहना है कि PDA मतलब सिर्फ पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक नहीं, बल्कि समाज का हर वह वर्ग जो भाजपा राज में पीड़ित है।
रायबरेली से शुरुआत के बड़े सियासी मायने
रायबरेली को आज भी गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। राहुल गांधी यहां से सांसद हैं। लेकिन हकीकत ये है कि जिले की 5 विधानसभा सीटों में से 3 पर – हरचंदपुर, ऊंचाहार और बछरावां – पर सपा के विधायक हैं। ऐसे में रायबरेली से यात्रा शुरू करना इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग से पहले सपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है
जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव आज हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर दोपहर का भोजन और कार्यकर्ता संवाद करेंगे। इसके बाद फिरोज गांधी कॉलेज में हाल ही में छात्रसभा पर हुए लाठीचार्ज के पीड़ित छात्रों से मिलकर उनका हाल जानेंगे और शाम को रायबरेली शहर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।