राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जयंती के शुभ अवसर पर किया लाइब्रेरी का उद्घाटन
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा तहसील क्षेत्र के बरई ग्राम सभा के पंचायत भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाएं एवं ग्रामीण एकत्रित हुए। ग्राम प्रधान खुर्शीद अहमद उर्फ भुटू हाफिज एवं ग्राम पंचायत अधिकारी एडियो पंचायत अधिकारी ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पंचायत भवन परिसर में लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया गया। ग्राम पंचायत अधिकारी ने गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए तालाब की मरम्मत कराने की बात कही और ग्राम प्रधान के कार्यों की सराहना की।
ग्राम प्रधान खुर्शीद अहमद ने बताया कि पंचायत भवन में ग्रामीणों को आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन के निर्माण में करीब 15 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्राथमिक विद्यालय में कंप्यूटर सेंटर भी संचालित किया गया है, जहां चार शिक्षक बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। बताया गया कि कोचिंग की फीस मात्र 100 रुपये रखी गई है। ग्राम प्रधान ने कहा कि शिक्षकों के मानदेय की व्यवस्था सरकार की ओर से किए जाने की आवश्यकता है, जिससे ग्रामीण बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधा मिल सके।









