राजा भैया की पहल पर मां भद्रकाली सरोवर के सौंदर्यीकरण को मिली मंजूरी, 21 लाख रुपये होंगे खर्च
कुंडा, प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लॉक मुख्यालय के बगल स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां भद्रकाली मंदिर परिसर में बने सरोवर के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ की पहल पर सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए जिला पंचायत निधि से 21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य अमित मिश्रा उर्फ आजाद ने कुछ दिन पूर्व राजा भैया से मुलाकात कर मां भद्रकाली सरोवर के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा था। इस पर संज्ञान लेते हुए राजा भैया ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी कुलदीप पटेल को सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला पंचायत निधि से 21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
इस परियोजना के पूरा होने से मां भद्रकाली सरोवर की सुंदरता में वृद्धि होगी। साथ ही मंदिर परिसर की भव्यता बढ़ने के साथ ही धार्मिक स्थल के विकास को भी नई गति मिलेगी। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरोवर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों और पुजारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य संकठा प्रसाद मिश्र, अरविंद कुमार शुक्ला, रामचंद्र पांडेय उर्फ रामू, सत्येंद्र द्विवेदी, अविनाश मिश्र, आशुतोष पांडेय, मूलचंद्र जायसवाल, पवन शुक्ला उर्फ बबन, देशराज पांडेय, शशांक पांडेय उर्फ सत्यम, राम प्यारे शुक्ला, उमाशंकर तिवारी और कृपाशंकर तिवारी सहित मां भद्रकाली मंदिर के पुजारी श्री त्रिभुवन नाथ शर्मा ने राजा भैया, गोपाल भैया और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी कुलदीप पटेल के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।









