दुर्गा पूजा पंडाल के पास महिलाओं पर छींटाकशी, अश्लील गाने गाने के आरोप में तीन युवक गिरफ्तार
कुंडा पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने बरई गांव से पकड़ा, तीनों आरोपी संग्रामगढ़ क्षेत्र के निवासी
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। शारदीय नवरात्र के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में कुंडा पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने दुर्गा पूजा पंडाल के पास महिलाओं और बालिकाओं पर कथित रूप से छींटाकशी करने तथा अश्लील भोजपुरी गाने गाने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मनगढ़ रोड स्थित श्याम स्वाद रेस्टोरेंट के पास ग्राम बरई में तीन युवक मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर दुर्गा पूजा पंडाल की ओर आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे और अश्लील भोजपुरी गाने गा रहे थे।
नवरात्र पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित पटेल (19), कुलदीप पटेल (21) और योगेंद्र कुमार सरोज (20) के रूप में हुई है। तीनों राय कासीपुर गांव, थाना संग्रामगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 में केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अभद्र व्यवहार पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।











