मानिकपुर थाना तिवारीपुर के पास भीषण सड़क हादसा, एनटीपीसी कर्मचारी की मौत; दो गंभीर
सुभाष सोनकर
प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में एनटीपीसी ऊंचाहार में कार्यरत एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए रायबरेली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान राम हरि यादव (62 वर्ष), निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ मंनगढ़ धाम में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी वापस लौट रहे थे, तभी तिवारीपुर के पास गिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि राम हरि यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी
मामले में ट्रैक्टर चालक की पहचान गोलू मिश्रा निवासी केशवपुर के रूप में बताई जा रही है। उपलब्ध सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार चालक के पास कथित तौर पर ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी
इस हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन रात में ही उसे छोड़ दिया गया। वहीं, आरोप है कि चालक की पहचान सामने आने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुकदमे में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने तथा पुलिस की कथित भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए है। इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच और जवाब देही पर टिकी सब की निगाहें







