राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय शिक्षा लाइफस्टाइल मनोरंजन बिजनस धर्म टेक्नॉलजी खेल इे-पेपर वीडियोज़ मेरी टीम
[t4b-ticker]
---Advertisement---

पेड़ में दौड़ रहा था मौत का करंट, छूते ही अधेड़ किसान ने तोड़ा दम

---Advertisement---

यूकेलिप्टस के पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बाबागज, प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पुरमई सुल्तानपुर के गोशाई का पुरवा गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में यूकेलिप्टस के पेड़ में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गोशाई का पुरवा गांव निवासी शिवकुमार यादव, पुत्र रामेश्वर प्रसाद यादव, खेती-बाड़ी एवं पशुपालन का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके घर के दरवाजे के सामने छाया के उद्देश्य से कई यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हुए हैं। शिवकुमार इन्हीं पेड़ों के नीचे अपनी भैंस बांधा करते थे और रात होने पर पशुओं को घर के अंदर कर देते थे।

बताया जा रहा है कि गांव में बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए विद्युत तार यूकेलिप्टस के पेड़ों के ऊपर से गुजर रहे हैं। पेड़ों की डालियां विद्युत तारों के संपर्क में थीं। इसी वजह से पेड़ में विद्युत करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है।

शनिवार की शाम शिवकुमार यादव रोज की तरह भैंस बांधने के लिए यूकेलिप्टस के पेड़ के पास पहुंचे। जैसे ही उनके शरीर का संपर्क पेड़ से हुआ, वह पेड़ में दौड़ रहे विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो शिवकुमार की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी प्रभावती देवी, अविवाहित तीन बेटियों और एक बेटे सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पति की मौत के बाद पत्नी प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता की मौत से बेटियां और बेटा भी गहरे सदमे में हैं। परिवार के लोगों के मुताबिक शिवकुमार ही खेती-बाड़ी और पशुपालन के माध्यम से परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली के तार पेड़ों की डालियों के संपर्क में हैं। ऐसी स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि विद्युत तारों को पेड़ों से दूर कराया जाए और गांव में बिजली के तारों की जांच कराकर जरूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।

पत्रकार – राम भुवाल पाल

इसे भी पढ़े : जीवन बीमा निगम कार्यालय में प्रीमियम जमा करने के काउंटर आभाव

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment