राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय शिक्षा लाइफस्टाइल मनोरंजन बिजनस धर्म टेक्नॉलजी खेल इे-पेपर वीडियोज़ मेरी टीम
[t4b-ticker]

प्रेम प्रसंग के विरोध में युवक की हत्या, संग्रामगढ़ पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग के विरोध में युवक की हत्या, संग्रामगढ़ पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सुभाष सोनकर

प्रतापगढ़। जनपद के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में युवक बिजेन्द्र सिंह की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग को लेकर उपजे विवाद और रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज सिंह और साहिल सरोज के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर चेरगढ़ निवासी बिजेन्द्र सिंह (24) पुत्र स्वर्गीय जयसिंह 27 अक्टूबर को खेत देखने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद 28 अक्टूबर को परिजनों ने संग्रामगढ़ थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दौरान गांव से पिपरी जाने वाले मार्ग पर नाले के पास झाड़ियों में बिजेन्द्र का मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल मिलने के बाद परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी और विभिन्न पहलुओं पर छानबीन शुरू की।

काफी तलाश और जांच-पड़ताल के बाद दो नवंबर को गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे में खोदे गए तालाबनुमा गड्ढे से बिजेन्द्र सिंह का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुट गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि गांव का ही नीरज सिंह एक युवती से प्रेम करता था। आरोप है कि बिजेन्द्र सिंह ने नीरज को युवती के साथ देख लिया था और इसकी जानकारी युवती के परिजनों को दे दी थी। इसी बात को लेकर नीरज बिजेन्द्र से नाराज चल रहा था और उसके मन में रंजिश पैदा हो गई थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते नीरज ने अपने साथी साहिल सरोज के साथ मिलकर बिजेन्द्र की हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को दोनों आरोपियों ने बिजेन्द्र सिंह को फोन कर खेत के पास बुलाया था। वहां तीनों ने शराब पी। इसके बाद आरोपियों ने बिजेन्द्र की हत्या कर दी और शव को गंगा एक्सप्रेसवे में खोदे गए तालाबनुमा गड्ढे में छिपा दिया। घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और पर्स भी अपने साथ ले गए थे, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य छिपाए जा सकें।

तकनीकी साक्ष्यों से खुला हत्या का राज

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी के पर्यवेक्षण में संग्रामगढ़ पुलिस, स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल को मामले के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज सिंह को तालाबनुमा गड्ढे के पास से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी साहिल सरोज को बाभन भखरी गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश की बात सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नीरज सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह सहित संग्रामगढ़ पुलिस, स्पेशल टीम और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। युवक की हत्या के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment