हथिगवां में युवक की मौत के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, दो बाँस के डंडे बरामद, स्कार्पियो वाहन भी सीज, पुलिस ने भदरी रेलवे क्रॉसिंग के पास की कार्रवाई
रिपोर्टर: सुभाष सोनकर
कुंडा। थाना हथिगवां क्षेत्र के ग्राम सुआनारी के पास 13 अगस्त को बोलेरो सवार शिवनाथ यादव के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उपचार के दौरान शिवनाथ यादव की 14 अगस्त को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई थी। मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बाँस के डंडे बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को सुआनारी गांव के पास कार सवार लोगों ने ओवरटेक कर बोलेरो को रोक लिया था। आरोप है कि इसके बाद शिवनाथ यादव को वाहन से बाहर खींचकर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्रतापगढ़ रेफर किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 14 अगस्त की सुबह उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के पिता देवचन्द्र यादव की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायन वैस के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हथिगवां सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर भदरी रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर काले रंग की स्कार्पियो से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेन्द्र कुमार यादव (30) पुत्र अमृतलाल यादव तथा जितेन्द्र यादव उर्फ सतेन्द्र यादव (28) पुत्र अमृतलाल यादव, निवासी महमदपुर बरई, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक बाँस का डंडा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने इन्हीं डंडों से शिवनाथ यादव के साथ मारपीट करने की बात बताई। बरामद डंडों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया।
घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन संख्या UP70JE 6345 को पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह, उपनिरीक्षक प्रिन्स तिवारी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह, कांस्टेबल अंकित कुमार तथा चालक एएसआई लालबहादुर सिंह शामिल रहे।






