कुंडा-बाबागंज को 30 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
तीन प्रमुख परियोजनाओं को मिली मंजूरी, PWD ने शुरू की ई-निविदा प्रक्रिया
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्रों में सड़क और पुल से जुड़ी तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्यों के लिए ई-निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बताया गया है कि जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह (राजा भइया) के मार्गदर्शन और बाबागंज विधायक विनोद सरोज की पैरवी के बाद इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है।
बकुलाही नदी पर बनेगा लघु सेतु
कुंडा विधानसभा क्षेत्र के बूढ़ेपुर पियारिया से सरई नाहर संपर्क मार्ग पर बकुलाही नदी के ऊपर करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। पुल बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
डेरवा-गलगली मार्ग का होगा चौड़ीकरण
दूसरी परियोजना के तहत सगरा सुंदरपुर-बाबूगंज-डेरवा-गलगली मार्ग के करीब 10 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। किमी 12.200 से 22.500 तक के इस कार्य पर करीब 16.10 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
यह मार्ग डेरवा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके सुदृढ़ीकरण से स्थानीय आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों और धार्मिक स्थलों तक पहुंच को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बाघराय-राजापुर संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण
बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में बाघराय से राजापुर संपर्क मार्ग का करीब साढ़े छह किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 9.40 करोड़ रुपये है।
यह मार्ग बाघराय, राजापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ता है। सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों के साथ किसानों को भी आवागमन और कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों में खुशी
तीनों परियोजनाओं को मंजूरी मिलने की जानकारी के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से सड़क और आवागमन की समस्याओं में कमी आएगी तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
पत्रकार रवि विश्वकर्मा
हिंदी राष्ट्रीय अखबार | सरल पहल










