बेंती में बागेश्वर धाम की कथा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, आईजी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
दिनेश कुमार पाल
आईजी अजय कुमार मिश्रा ने सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
कुंडा/प्रतापगढ़। बेंती राजमहल में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम सरकार की श्रीराम कथा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
आईजी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरती जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।गौरतलब है कि बेंती राजमहल में 17, 18 और 19 नवंबर को श्रीराम कथा तथा 20 नवंबर को बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार प्रस्तावित है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां चल रही हैं।








