गांधी जयंती पर बच्चों ने दिया सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा नगर स्थित वीपी रामानुजन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अरुणेंद्र नारायण मिश्रा, प्रधानाचार्य चंपा काली पांडेय एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छ भारत, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने चरखा, सत्य और अहिंसा के आदर्शों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश भी दिया।
प्रधानाचार्य चंपा काली पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन और देशसेवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, सत्य, अहिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।








