महेशगंज थाना व कुंडा कोतवाली में श्रद्धा से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों पर चलने का पुलिसकर्मियों ने लिया संकल्प
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कुंडा तहसील क्षेत्र के महेशगंज थाना एवं कुंडा कोतवाली परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में महेशगंज थाना प्रभारी राहुल कुमार ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। वहीं कुंडा कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर संजय सिंह, चौकी प्रभारी कुंडा चंद्रबली सिंह, एसआई अंकित सिंह, चौकी प्रभारी मझिलगांव गोविंद सिंह सहित पुलिसकर्मी अभिमन्यु सिंह, भूपेंद्र सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन दोनों महापुरुषों के बताए आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।








