21 नवंबर से शुरू होगी नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कथा शुभारंभ पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, 28 नवंबर को होगा विशाल भंडारा
दिनेश कुमार पाल
बाबागंज, प्रतापगढ़। कुंडा तहसील क्षेत्र के हीरागंज-बाबागंज मार्ग स्थित ज्योति का पुरवा गांव में आगामी 21 नवंबर से नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कथा के शुभारंभ के अवसर पर 21 नवंबर को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के साथ ही नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
इस दौरान सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अमर कृष्ण जी महाराज अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं, भक्त प्रह्लाद की भक्ति, ध्रुव चरित्र तथा श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान ज्ञानेंद्र कुमार पांडेय एवं हेमावती पांडेय हैं। उनके संयोजन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं, 28 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
कथा आयोजन को लेकर कथा स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन स्थल की भूमि को समतल कराने सहित श्रद्धालुओं के बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजक सौरभ पाण्डेय ने बताया कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कथा स्थल पर दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण हेतु एक बड़े प्रसाद काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल के समीप ही अलग से पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। इसके अलावा स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मोबाइल टॉयलेट तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आवश्यक काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
आयोजक सौरभ पाण्डेय ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से श्रीमद्भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।











