समाजवादी पार्टी कार्यालय कुंडा में मनाई गई मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि, कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
किसानों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे नेताजी: राम अवध यादव ‘काका’
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा देश के पूर्व रक्षामंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर 10 अक्टूबर 2026 को नरसिंहगढ़, कुंडा स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों और संघर्षों को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंडा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री राम अवध यादव ‘काका’ ने की। उन्होंने नेताजी के जीवन और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने अपना संपूर्ण राजनीतिक जीवन किसानों, दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचितों के हक एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि नेताजी का संघर्ष, सादगी और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यकर्ताओं ने नेताजी के बताए रास्ते पर चलने तथा समाज के सभी वर्गों के अधिकारों और सम्मान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव (एडवोकेट), नोखेलाल यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), सब्बू भाई, दिलीप यादव, मुन्ना यादव, बेदी यादव, संदीप पाल (एडवोकेट), मोहम्मद इमरान, कल्लू विश्वकर्मा, शिवलाल, प्रदीप सिंह, जितेंद्र, हनुमत पटेल, संतोष गुरुजी, संजय गुप्ता, विमलेश यादव, रज्जू मिस्री, अमृत लाल शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नेताजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।










