नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति का संदेश लेकर आयोजित हुई मातृशक्ति संगोष्ठी, महिलाओं की उमड़ी भारी भीड़
दिनेश कुमार पाल
बाबूगंज, कुंडा (प्रतापगढ़)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, कुंडा प्रखंड के तत्वावधान में रविवार को बाबूगंज स्थित बाबा गंगादास जूनियर हाई स्कूल परिसर में ‘नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति’ विषय पर भव्य मातृशक्ति संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगोष्ठी के माध्यम से नारी सम्मान, महिला सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला आयोग, लखनऊ की सदस्य आदरणीय नीलम जी तथा मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय सेविका समिति, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की क्षेत्र प्रचारिका आदरणीय शशी दीदी जी उपस्थित रहीं। अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता शशी दीदी जी ने कहा कि मातृशक्ति के सामर्थ्य, संस्कार और समर्पण से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को परिवार, समाज और राष्ट्र की आधारशिला माना गया है। एक महिला केवल परिवार का संचालन ही नहीं करती, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए महिलाओं का शिक्षित, जागरूक, आत्मनिर्भर और संस्कारित होना समाज के विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सामाजिक जीवन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होगी, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
वहीं मुख्य अतिथि महिला आयोग की सदस्य नीलम जी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों एवं सामाजिक जागरूकता के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद, कुंडा प्रखंड के प्रखंड मंत्री संदीप ओझा जी ने किया। इस अवसर पर विहिप के जिला सहमंत्री सौरभ जी, जिला सत्संग प्रमुख विजय जी, आचार्य संयोगमणि जी, कुंडा प्रखंड अध्यक्ष ध्रुव जी, प्रखंड उपाध्यक्ष सौरभ जी, शाश्वत जी, सन्नी जी, प्रभाकर जी एवं रवि जी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में मातृशक्ति कंचन लता जी का विशेष योगदान रहा। संगोष्ठी के दौरान महिलाओं की सहभागिता और उत्साह देखने योग्य रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नारी सम्मान, सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक संस्कार और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को लेकर विचार साझा किए गए। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, मातृशक्ति एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।








