बेंती राजभवन में होने वाली भव्य रामकथा का निमंत्रण देने घर-घर पहुंचे शिवकुमार तिवारी ‘भगवन‘
दिनेश कुमार पाल
कुंडा प्रतापगढ़। के बेंती राजभवन में पूज्य श्री बागेश्वर धाम सरकार के श्रीमुख से आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा को लेकर नगर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कथा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार तिवारी ‘भगवन’ ने नगर क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
इसी क्रम में उन्होंने आज अनखोरिया पटेल बस्ती, अत्तानगर, पूरे शुक्लान स्थित मां अम्बे कॉलोनी, गौतम बस्ती, सुभाष नगर के शिवपुरम तथा मेन रोड क्षेत्र में घर-घर जाकर नगरवासियों से भेंट की। उन्होंने सभी को सपरिवार श्रीराम कथा में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का स्नेहिल आमंत्रण दिया। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों में कथा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके पश्चात श्री तिवारी साहूमाई में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।










