बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में बागेश्वर सरकार ने किया जलाभिषेक, देशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
गंगा स्नान के बाद बाबा भोलेनाथ का किया पूजन-अर्चन और आरती, श्रीराम कथा के दूसरे दिन पहुंचे बागेश्वर सरकार
कुंडा, प्रतापगढ़।
पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के धार्मिक स्थल महारुद्र बाबा अवधेश्वरनाथ धाम, शाहपुर बेंती में गुरुवार की सुबह उस समय भक्तिमय माहौल देखने को मिला, जब अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत एवं श्रीराम कथा के कथा व्यास परम पूज्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज (बागेश्वर सरकार) ने पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक, पूजन-अर्चन एवं आरती की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों और सनातन धर्मावलंबियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के संरक्षण में बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के दूसरे दिन सुबह करीब छह बजे बागेश्वर सरकार का आगमन महाराज राजा भगीरथ की तपोस्थली माने जाने वाले बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में हुआ। धाम पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने गंगा मैया में स्नान कर बाबा अवधेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की।
पूजन के दौरान बागेश्वर सरकार ने भगवान भोलेनाथ के समक्ष शीश नवाकर आरती की तथा समस्त देशवासियों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहने की प्रार्थना की। उनके धाम पहुंचने की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
उल्लेखनीय है कि बाबा अवधेश्वरनाथ धाम को क्षेत्र के प्रमुख पौराणिक एवं आस्था के केंद्र के रूप में जाना जाता है। मान्यता है कि इस पावन स्थल का संबंध महाराज राजा भगीरथ की तपस्या और भगवान शिव की आराधना से रहा है। यही वजह है कि यहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
श्रीराम कथा के प्रथम दिवस भी परम पूज्य बागेश्वर सरकार ने अपनी कथा के दौरान बाबा अवधेश्वरनाथ धाम और मां गंगा का जयकारा लगाकर इस पावन भूमि की धार्मिक महत्ता को नमन किया था। उनके इन जयकारों से कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का संचार हुआ।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर बाबा अवधेश्वरनाथ धाम ट्रस्ट एवं मां राजा भैया यूथ ब्रिगेड की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आयोजकों ने कहा कि बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में आने वाले सभी सनातनी हिंदू धर्मावलंबियों का हार्दिक स्वागत है। इस अवसर पर मेला प्रबंधन कोषाध्यक्ष जुगनू जी सहित आयोजन से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में बागेश्वर सरकार के जलाभिषेक और पूजन-अर्चन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की।





