प्रतापगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 253 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, चार चरणों में 1103 जोड़ों का विवाह संपन्न
आर्थिक तंगी अब बेटियों की शादी में नहीं बनेगी बाधा, राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुआ भव्य सामूहिक विवाह समारोह
प्रतापगढ़। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी अब अभिभावकों के लिए बोझ नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए खुशियों का नया सहारा बन रही है। इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के विशाल मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 253 जोड़ों ने पूरे विधि-विधान, पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार एक-दूजे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। एक ही परिसर में सजे विवाह मंडप, वैदिक मंत्रोच्चार और खुशियों के बीच नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत हुई।
समारोह में बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विवाह समारोह के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। इस पहल से उन परिवारों के चेहरों पर विशेष खुशी देखने को मिली, जो आर्थिक कठिनाइयों के चलते अपनी बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं।
धर्म और परंपराओं के अनुसार संपन्न कराए गए विवाह
सामूहिक विवाह समारोह में सामाजिक समरसता और धार्मिक सद्भाव की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, कुल 253 जोड़ों में अनुसूचित जाति वर्ग के 186, पिछड़ा वर्ग के 66 तथा अल्पसंख्यक वर्ग का एक जोड़ा शामिल रहा। सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म एवं समुदाय की परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़े का निकाह इस्लामिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।
गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही योजना : राजेंद्र कुमार मौर्य
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाली सरकार की सराहनीय पहल है। इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी के सम्मानजनक विवाह में बाधा न बने। सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।
जरूरतमंद परिवारों को मिल रही आर्थिक राहत : राय साहब सिंह
राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। पहले गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार की इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने नवदंपतियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की
प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही सरकार
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर सरकार की ओर से कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की आवश्यक सामग्री नवदंपतियों को प्रदान की जाती है, जबकि 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराते हुए बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है।
चार चरणों में 1103 जोड़ों का विवाह संपन्न
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस वर्ष चार चरणों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। इनमें बड़ी संख्या में पात्र जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
प्रथम चरण में 3 नवंबर को 288 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। द्वितीय चरण में 6 नवंबर को 275 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। तृतीय चरण में 16 नवंबर को 287 जोड़ों का विवाह कराया गया, जबकि चतुर्थ एवं अंतिम चरण में 19 नवंबर को 253 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामा। इस प्रकार चारों चरणों में कुल 1103 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जा चुका है।
अधिकारियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
सामूहिक विवाह समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) आकांक्षा दीक्षित, विधायक प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, पर्यावरण सेना के अजय क्रांतिकारी, समाजसेवी रोशन लाल ऊमरवैश्य, डॉ. मो. अनीस, धर्मेंद्र ओझा सहित अन्य अतिथि, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मो. अनीस एवं धर्मेंद्र ओझा ने किया।
समारोह के समापन पर नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से एक ही स्थान पर इतने बड़े पैमाने पर विवाह संपन्न कराना न केवल जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रहा है, बल्कि समाज में सामाजिक एकता, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दे रहा है।





