सुबह की सैर पर निकले बागेश्वर धाम सरकार, अपने हाथों से भक्तों को पिलाई चा
राजभवन बेंती में दिखा पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आत्मीय अंदाज, श्रद्धालुओं के बीच सहजता और अपनत्व की हुई खूब चर्चा
दिनेश कुमार पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। बेंती स्थित राजभवन में इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। इसी बीच बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज का एक बेहद आत्मीय और सादगी भरा अंदाज श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया। सुबह-सुबह पूज्य सरकार राजभवन बेंती के भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और भक्तों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
सुबह के खुशनुमा माहौल में पूज्य सरकार को अपने बीच पाकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने न केवल भक्तों से आत्मीयता के साथ बातचीत की, बल्कि अपने हाथों से सभी को चाय वितरित कर उनका हालचाल भी जाना। एक ओर जहां हजारों श्रद्धालु उनकी श्रीराम कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनका यह सहज व्यवहार भक्तों के दिलों को छू गया।
पूज्य सरकार का अपने हाथों से भक्तों को चाय पिलाना उनके सरल स्वभाव, विनम्रता और भक्तों के प्रति स्नेह को दर्शाता नजर आया। श्रद्धालुओं के लिए यह पल किसी विशेष सौगात से कम नहीं था। भक्तों ने इस आत्मीय क्षण को अपने लिए यादगार बताया। सुबह की इस मुलाकात ने कथा आयोजन के आध्यात्मिक माहौल में एक अलग ही अपनत्व और उत्साह का संचार कर दिया।
गौरतलब है कि कुंडा क्षेत्र के बेंती में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार की श्रीराम कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले भक्त कथा श्रवण के साथ पूज्य सरकार के दर्शन के लिए भी उत्साहित रहते हैं। ऐसे में सुबह-सुबह राजभवन परिसर में उनका भक्तों के बीच पहुंचना और अपने हाथों से चाय पिलाना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बन गया।
पूज्य सरकार के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की चर्चा पूरे आयोजन परिसर में होती रही। भव्य धार्मिक आयोजन के बीच सादगी, सहजता और भक्तों के प्रति अपनत्व का यह दृश्य लोगों के मन में लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।





