राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय शिक्षा लाइफस्टाइल मनोरंजन बिजनस धर्म टेक्नॉलजी खेल इे-पेपर वीडियोज़ मेरी टीम
[t4b-ticker]

अधिवक्ता हत्याकांड में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, कुंडा पुलिस ने भेजा जेल

---Advertisement---

अधिवक्ता हत्याकांड में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, कुंडा पुलिस ने भेजा जेल

 

लगातार चौथे दिन भी तहसील में तालाबंदी, अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार जारी; परिजनों ने प्रशासन को सौंपा पांच सूत्रीय मांगपत्र

कृष्ण प्रताप यादव

कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के दर्जियाना मजरे बरई गांव में 27 अक्टूबर को हुए मारपीट कांड में घायल अधिवक्ता आशिक अली की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अधिवक्ता की मौत से अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में तहसील के वकीलों ने लगातार चौथे दिन शनिवार को भी तालाबंदी कर न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। वहीं, पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक और नामजद आरोपी सानू उर्फ हसन अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच बताई जा रही है।

दरवाजा खोलने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह कुंडा कोतवाली क्षेत्र के दर्जियाना मजरे बरई गांव में लकड़ी का दरवाजा खोलकर आने-जाने को लेकर मुख्तार अहमद और उनके पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुख्तार अहमद, उनके भाई अधिवक्ता आशिक अली तथा परिवार की एक महिला पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अधिवक्ता समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता आशिक अली की हालत नाजुक होने पर उन्हें एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं साथी अधिवक्ताओं में भी भारी नाराजगी फैल गई।

चौथे दिन भी जारी रहा अधिवक्ताओं का आंदोलन

अधिवक्ता आशिक अली की मौत के बाद तहसील के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया। बुधवार से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीपी मौर्य के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में तालाबंदी कर न्यायिक कार्यों से दूरी बनाए रखी। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीपी मौर्य, योगेश कुमार, प्रेमचंद्र शुक्ल, मोहम्मद सीबू, विकास मौर्य, अनुज कुमार, प्रवीण कुमार मिश्रा और अनिल कुमार यादव सहित दर्जनों अधिवक्ता मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

मृतक के परिजनों ने जिलाधिकारी के नाम एसडीएम कुंडा अजय कुमार यादव और सीओ शिव नारायण वैश्य को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। परिजनों ने परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी करने, मारपीट की घटना के वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अधिवक्ता की भूमिधरी जमीन पर विपक्षी द्वारा बनाए गए कथित अवैध मकान को हटवाने, सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए 50 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की।

परिजनों ने जमीन की पैमाइश होने के बावजूद कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गुरुवार को नायब तहसीलदार लालमणि, कानूनगो नकुल शुक्ल और लेखपाल निर्देश कुमार की मौजूदगी में संबंधित जमीन की पैमाइश कराई गई थी। परिजनों के मुताबिक, पैमाइश में विपक्षी का मकान अधिवक्ता की भूमिधरी जमीन पर पाया गया था, इसके बावजूद अब तक निर्माण हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस ने पांचवें आरोपी को किया गिरफ्तार

उधर, अधिवक्ता हत्याकांड को लेकर पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले पुलिस ने एक वांछित आरोपी शमशाद उर्फ रानू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। रविवार को पुलिस ने एक और वांछित आरोपी सानू उर्फ हसन अली (22 वर्ष), पुत्र मोहम्मद नसीम, निवासी दर्जियाना मजरे बरई को मन्नान की बाजार से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए परिजन

अधिवक्ता की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर भी परिजनों और प्रशासन के बीच बातचीत हुई। परिजन अपनी मांगों को लेकर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। इस दौरान एसडीएम कुंडा अजय कुमार यादव और सीओ शिव नारायण वैश्य ने परिजनों से बातचीत की। एसडीएम कुंडा की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन गांव के समीप स्थित कब्रिस्तान में अधिवक्ता का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।

घटना के बाद से ही दर्जियाना गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वहीं, अधिवक्ताओं की मांगों और परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों के बीच पूरे मामले पर क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन परिजनों की पांच सूत्रीय मांगों पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

वरिष्ठ समाजसेवी छोटेलाल पाल मास्टर साहब के निधन पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जताया शोक, आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

अधिवक्ता आशिक अली की इलाज के दौरान मौत, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर चौथे दिन भी तहसील में तालाबंदी और चक्काजाम

राजा भैया को जन्मदिन की बधाई देने राजभवन बेंती पहुंचे युवा ग्राम प्रधान मुलायम यादव

बेंती कोठी में राजा भैया के जन्मदिन पर उमड़ा समर्थकों का जनसैलाब, दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने दी बधाई

कुंडा में नवनिर्मित स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग के भवन का राजा भैया ने किया उद्घाटन

कुंडा डाक बंगले पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धनंजय शुक्ला का भव्य स्वागत, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

Leave a Comment