खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 10 नमूने जांच को भेजे, अस्वच्छ हालत में रखा 15 लीटर मिश्रित दूध मौके पर कराया नष्ट
प्रतापगढ़: जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को जनपद की विभिन्न तहसीलों में रेस्टोरेंट, डेयरी एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-।। अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कुल 10 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सचल दल ने धारूपुर राजगढ़ स्थित अरविन्द यादव के प्रतिष्ठान से पनीर एवं मिश्रित दूध के दो नमूने लिए। वहीं विश्वनाथगंज स्थित विश्वनाथ डेयरी से गाय एवं भैंस के दूध के नमूने संग्रहित किए गए। जम्हुआ कटरा गुलाब सिंह संतोष यादव के प्रतिष्ठान पर 01 मिश्रित दूध का नमूना, हैंसी कटरा गुलाब सिंह विनोद यादव के प्रतिष्ठान पर 01 मिश्रित दूध का नमूना एवं सराय ताराचन्द्र स्थित आलोक यादव के प्रतिष्ठान से 01 मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित किये गये। इसी क्रम में सरजू नगर कुण्डा स्थित बगाली भाई भाई मिष्ठान भण्डार का निरीक्षण किया गया, यहां पनीर के अवमानक होने के संदेह में नमूना लिया गया तथा प्रतिष्ठान में करीब 15 लीटर मिश्रित दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में भण्डारित पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 600 रुपये थी टीम ने दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
सरजू नगर कुण्डा स्थित सुरेश स्वीट्स के प्रतिष्ठान से पनीर तथा रानीगंज स्थित मनोहर स्वीट्स के प्रतिष्ठान से खोया का नमूना भी संग्रहित किया गया।
इसके अलावा मंगरौरा पट्टी स्थित मून लाइट रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार राम भुवाल पाल





