मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक, बाल विवाह, बाल श्रम और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक
कुंडा, प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरियावां गांव में जनजागरूकता अभियान चलाया गया क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैश्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवाबगंज संतोष कुमार सिंह तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाने की निरीक्षक सरस्वती निगम, उपनिरीक्षक रामचन्द्रराम गुप्ता और पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी। साथ ही इन सामाजिक कुरीतियों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव बताए गए। पुलिस टीम ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों के संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।










