श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, IG-डीएम-एसपी ने मनगढ़ कृपालु धाम का किया निरीक्षण
सरल पहल न्यूज | पत्रकार राम भुवाल पाल
कुंडा, प्रतापगढ़। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रयागराज रेंज के IG अजय कुमार मिश्रा, प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बुधवार को जगद्गुरु कृपालु धाम मंदिर, मनगढ़ परिसर का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान यातायात डायवर्जन प्लान, वाहनों के पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्गों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुगमता एवं सुरक्षित तरीके से दर्शन कराया जा सके, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यातायात व्यवस्था में किया जाएगा डायवर्जन
जन्माष्टमी पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी की गई है। कुंडा की तरफ से आने वाले वाहनों को विदासिन चौराहे पर तथा खनवारी की तरफ से आने वाले वाहनों को मीरापुर चौराहे पर रोकने की तैयारी है। इसके बाद निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था के अनुसार वाहनों को आगे बढ़ाया जाएगा।
कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की जगह-जगह तैनाती की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सकुशल दर्शन कराना, भीड़ को नियंत्रित रखना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
निरीक्षण के दौरान एएसपी बृजनन्दन राय, सीओ कुंडा शिव नारायण वैस, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप, कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सरल पहल न्यूज
पत्रकार — राम भुवाल पाल








