वन अधिकारी को फोन पर धमकी देने वाला ‘चुल्ली’ गिरफ्तार, चालान
कुण्डा (प्रतापगढ़)। वन अधिकारी को फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक सिरफिरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शांति भंग की आशंका को देखते हुए आरोपी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर चालान भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा जिले में चलाए जा रहे कानून-व्यवस्था अभियान के तहत कुण्डा थाने के उप-निरीक्षक चन्द्रबली सिंह, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार गुप्ता और आरक्षी हर्षवर्धन सिंह की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान कस्बा कुण्डा में मु0अ0सं0 368/2026 में नामजद अभियुक्त धीरेन्द्र उर्फ चुल्ली पुत्र गया प्रसाद जायसवाल (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम धरौली (यादव बस्ती), थाना मानिकपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वन अधिकारी को फोन पर गालियां दे रहा था और जान से मारने की धमकी देकर सरकारी काम में बाधा डाल रहा था। मौके पर आरोपी के उग्र तेवर और शांति व्यवस्था बिगड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।