अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गलत रिपोर्ट देने का गंभीर आरो
दूसरी जांच में रिपोर्ट अलग आने पर उठे सवाल, पीड़ित ने जांच और कार्रवाई की मांग की
पत्रकार अमित कुमार
कौशांबी। मंझनपुर मुख्यालय स्थत एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कथित रूप से गलत जांच रिपोर्ट जारी करने का गंभीर आरोप लगा है। महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुमहियावा गांव निवासी प्रसंग कोरी ने आरोप लगाया है कि उनकी नानी की तबीयत खराब होने पर उन्हें मंझनपुर स्थित सिग्मा स्कैनिंग सेंटर में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए ले जाया गया था।
पीड़ित के अनुसार, जांच के बाद सेंटर की ओर से जो रिपोर्ट दी गई, उसके आधार पर उनकी नानी का कई दिनों तक इलाज चलता रहा। इसके बावजूद उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बनी रही।
हालात में सुधार न होने पर परिजनों ने दूसरी जगह दोबारा अल्ट्रासाउंड जांच कराई। प्रसंग कोरी का दावा है कि दूसरी जांच में सामने आई रिपोर्ट पहले सेंटर की रिपोर्ट से अलग थी। इसके बाद परिजनों ने पहली जांच रिपोर्ट की शुद्धता पर सवाल उठाते हुए कथित गलत रिपोर्ट के आधार पर कई दिनों तक इलाज चलने का आरोप लगाया।
पीड़ित का कहना है कि यदि पहली रिपोर्ट में वास्तव में कोई गलती हुई थी, तो उसकी वजह से मरीज का इलाज प्रभावित हो सकता है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जांच के बाद रिपोर्ट तैयार करने में लापरवाही कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है।
प्रसंग कोरी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और जांच में दोष सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, मामले में संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।







