दहेज हत्या के मामले में सास-ससुर गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद
विवाहिता की मौत के मामले में कुंडा पुलिस की कार्रवाई, पति समेत तीन के खिलाफ दर्ज है मुकदमा
सुभाष सोनकर
प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मलाका तारा जमेठी गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गंगा सागर मिश्रा की तहरीर पर थाना कुंडा में मु0अ0सं0 377/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85/80(2) तथा 3/4 डीपी एक्ट में आकाश मिश्रा, मंजू मिश्रा और अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गंगा सागर मिश्रा की पुत्री रोहनी मिश्रा उर्फ अन्तिमा मिश्रा, उम्र करीब 25 वर्ष, का विवाह फरवरी 2025 में मलाका तारा निवासी आकाश मिश्रा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे पति, सास और ससुर द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। 30 सितंबर को विवाहिता की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंजू मिश्रा पत्नी अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा तथा अनिरुद्ध कुमार मिश्रा उर्फ अंशु मिश्रा पुत्र स्वर्गीय राम दुलारे को मलाका तारा जमेठी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अनिरुद्ध कुमार मिश्रा के कब्जे से एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन तथा मंजू मिश्रा के कब्जे से एक लावा मोबाइल फोन बरामद हुआ है। इसके अतिरिक्त फील्ड यूनिट प्रतापगढ़ से मृतका से संबंधित पीली साड़ी, स्पॉट मेमो, एक मोबाइल फोन, कॉपी और कलम प्राप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें भी केस में दाखिल किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कुंडा प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल आशुतोष यादव, रिजर्व कांस्टेबल दिलीप यादव, रिजर्व महिला कांस्टेबल प्रीती कुमारी, महिला कांस्टेबल वंदना यादव तथा चालक कांस्टेबल अभिमन्यु सिंह शामिल रहे।









