राष्ट्रीय अंतराष्ट्रीय शिक्षा लाइफस्टाइल मनोरंजन बिजनस धर्म टेक्नॉलजी खेल इे-पेपर वीडियोज़ मेरी टीम
[t4b-ticker]
---Advertisement---

मजदूरी मांगने पर चालक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत

---Advertisement---

मजदूरी मांगने पर चालक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत

एक आरोपी गिरफ्तार, दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों में नाराजगी

सुभाष सोनकर

प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कस्बा संग्रामगढ़ निवासी डंपर चालक मनोज कुमार सोनकर (30) की मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गाड़ी मालिक समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मामले में मानिकपुर थाना पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार मनोज कुमार सोनकर पुत्र श्रीचंद्र सोनकर, गोविंद रसुलपुर मजरा नैड़िया, थाना संग्रामगढ़ निवासी मुन्नू तिवारी का डंपर चलाता था। परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को मानिकपुर थाना क्षेत्र में कौशांबी जाने वाले हाईवे पर लेहदरी गंगा पुल से पहले मनोज ने अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए इलाज के लिए मजदूरी के रुपये मांगे थे।

आरोप है कि गाड़ी मालिक ने पहले डंपर लेकर जाने और वापस लौटने के बाद मजदूरी देने की बात कही। मनोज ने गाड़ी ले जाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान गाड़ी मालिक और उसके साथ मौजूद लोगों ने मनोज के साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान भारी वाहन में इस्तेमाल होने वाले पाना (रिंच) से उसकी छाती पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मनोज किसी तरह अपने घर पहुंचा। रात में हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को भी कब्जे में लिया है।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अखिलेश यादव पुत्र तुलसीराम यादव निवासी पींग, थाना महेशगंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, परिजनों के मुताबिक मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मृतक के परिजन अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment