सावन के आखिरी सोमवार को बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
शाहपुर बेंती, कुंडा, प्रतापगढ़। पौराणिक स्थल बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में पवित्र श्रावण मास के आखिरी सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को तड़के करीब तीन बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गईं। मेला प्रबंधक एवं कोषाध्यक्ष जुगनू जी ने बताया कि दोनों कतारें काफी लंबी हैं, लेकिन श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। शिवालय के अंदर भक्तों द्वारा ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरा धाम भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। बाबा अवधेश्वरनाथ धाम के थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद, एसएसआई राम प्रताप सिंह सहित दर्जनों पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहे।
मेला परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम एवं खोया-पाया केंद्र से कुंडा कोतवाल अरविंद सिंह श्रद्धालुओं को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे। वहीं सीओ कुंडा शिवनारायण वैश्य और एसओ हथिगवां सत्येंद्र सिंह ने भी मेला क्षेत्र का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राजा भैया यूथ ब्रिगेड द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें नौका बचाव दल, स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं, सफाई व्यवस्था, बिजली-पानी की व्यवस्था और नि:शुल्क साइकिल स्टैंड शामिल हैं। साइकिल स्टैंड भैरों बाबा से बलिपुर रोड पर लगाया गया है।
सावन के अंतिम सोमवार को बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
रिपोर्ट: दिनेश कुमार पाल
इसे भी पढ़े : मिठाई और ढाबों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच को भेजे






