गांधी और शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि, निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
दिनेश कुमार पाल
हीरागंज बाजार, प्रतापगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत हीरागंज बाजार कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इसके उपरांत नगर पंचायत कार्यालय से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल नगर पंचायत के सभासद, कर्मचारी एवं अन्य लोगों ने नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान लोगों ने अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं विकसित समाज के लिए आवश्यक बताया था। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी सभी के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के सभासद एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











