मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, तीन वांछित आरोपी गिरफ्तार
कृष्ण प्रताप यादव
महेशगंज, प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के तख्त का पुरवा ऐंधा गांव में 22 सितंबर को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम बकरी द्वारा सब्जी खा लेने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रीना उर्फ आरती और उनकी देवरानी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा धमकी भी दी गई। मारपीट में रीना उर्फ आरती गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में पहले धारा 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस ने नई बाजार-कुंडा रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास से तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवमूरत उर्फ राममूरत (40), सियालाल (50) और कल्लू उर्फ अर्जुन (19), निवासी तख्त का पुरवा ऐंधा, हीरागंज, थाना महेशगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में की गई।











